MP SDO Viral Video: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में जल संसाधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा किसानों के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। केवलारी क्षेत्र की तिलवारा दाई तट नहर के एसडीओ (MP SDO Viral Video) श्रीराम बघेल का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे किसानों के साथ अमर्यादित व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे एक किसान को जबरन कार की डिक्की में बैठाने का प्रयास कर रहे हैं। इस घटना के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
विपक्ष ने उठाए सवाल, सख्त कार्रवाई की मांग
मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस वीडियो (MP SDO Viral Video) को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि मध्य प्रदेश का प्रशासन दिन-प्रतिदिन किसान विरोधी और संवेदनहीन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिवनी में एक किसान के साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया गया, जो प्रशासनिक संवेदनहीनता और क्रूरता की पराकाष्ठा है।

घटना का विवरण
यह घटना केवलारी नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 9 मलारी की है। एसडीओ (MP SDO Viral Video) श्रीराम बघेल नहर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। स्थानीय किसानों ने जब उनके सामने सिंचाई की समस्या रखी, तो एसडीओ का व्यवहार आक्रामक हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एसडीओ किसानों से धक्का-मुक्की कर रहे हैं और एक किसान को जबरन अपनी गाड़ी की डिक्की में बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। वीडियो में एक किसान हाथ जोड़कर विनती करता दिख रहा है, लेकिन एसडीओ उसकी एक नहीं सुन रहे हैं और अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।
किसानों में आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल
यह घटना क्षेत्र के किसानों में आक्रोश का कारण बन गई है। पहले से ही सिंचाई जल की गंभीर समस्या से जूझ रहे किसानों के साथ एक सरकारी अधिकारी (MP SDO Viral Video) का यह व्यवहार प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। किसानों का कहना है कि उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय अधिकारी उनके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
वीडियो के बाद एसडीओ को निलंबित किया गया
वीडियो (MP SDO Viral Video) सामने आने के बाद जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता विनोद कुमार देवड़ा ने एसडीओ श्रीराम बघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन पत्र में उल्लेख किया गया है कि श्रीराम बघेल ने अपने पदीय कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन नहीं किया है। उन्हें मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत निलंबित किया गया है।
एसडीओ और एक अन्य पर दर्ज हुई एफआईआर
किसानों के साथ अभद्रता के मामले में एसडीओ श्रीराम बघेल और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ केवलारी पुलिस थाने में एफआईआर (MP SDO Viral Video) दर्ज की गई है। मरकावाड़ा निवासी रामदास चौरसिया की शिकायत पर पुलिस ने एसडीओ और विधान बघेल के खिलाफ मारपीट, अवरोध और गाली-गलौज के आरोप में केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह उइके ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
कमल नाथ ने किया सवाल
कांग्रेस नेता पूर्व सीएम कमल नाथ ने सोशल मीडिया (MP SDO Viral Video) पर लिखा कि स्वतंत्र देश में किसी नागरिक के साथ इस तरह का व्यवहार कैसे किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अमानवीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और उन पर आपराधिक मुकदमा चलाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन की संवेदनहीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था की विफलता को उजागर करती है।