Koya Punem Program: नर्मदापुरम जिला (मध्य प्रदेश) के तहसील एवं थाना बनखेड़ी अंतर्गत ब्लॉक बनखेड़ी के ग्राम अंधियार बावड़ी, कैमढना में दिनांक 31 दिसंबर 2025 (बुधवार) को शाम 7 बजे से खेरोदाई मंदिर परिसर में 7 दिवसीय कोया पूनेम कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य गोंडी संस्कृति, परंपरा और आदिवासी पहचान को सशक्त रूप से प्रस्तुत करना रहा।
यह कार्यक्रम आदिवासी युवा संगठन, कलकुई, अंधियार बावड़ी कैमढना के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।

गोंडी संस्कृति और लोकसंगीत की विशेष प्रस्तुति
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहीं प्रसिद्ध गोंडी गायिका प्रियांशी भल्लवी (Priyanshi Bhallavi – Gondi Folk Singer), जो मध्य प्रदेश के जिला जबलपुर से पधारीं। उनके साथ विशाल ककोड़िया (Vishal Kakodiya – Gondi Artist), जिला छिंदवाड़ा से, ने अपनी सशक्त गायन प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गोंडी भाषा, पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक भावनाओं से ओत-प्रोत इस आयोजन ने उपस्थित लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
इस गरिमामय आयोजन की अध्यक्षता माखनलाल इमने, पार्षद वार्ड क्रमांक 14 एवं कामना संतोष धुर्वे, पार्षद वार्ड क्रमांक 15, नगर परिषद बनखेड़ी द्वारा की गई। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

सैकड़ों लोगों की उपस्थिति, सामूहिक भोजन की परंपरा
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पारंपरिक सामूहिक भोजन (भोजन-प्रसादी) की व्यवस्था भी की गई, जिसमें सभी ने मिलकर सहभागिता निभाई। यह दृश्य आदिवासी एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा।

सुरक्षा व्यवस्था में बनखेड़ी पुलिस का योगदान
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था हेतु बनखेड़ी थाना प्रभारी टी.आई. विजय सनस के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। दीवान जी बद्री साहब सहित अन्य पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
पत्रकारिता की दृष्टि से विशेष कवरेज
इस संपूर्ण आयोजन की विशेष कवरेज नर्मदापुरम जिले से पत्रकार अर्जुन सारसर द्वारा की गई, जिन्होंने कार्यक्रम के सामाजिक और सांस्कृतिक पक्षों को प्रमुखता से उजागर किया।
