MP Prashikshan Yojana 2026: कृष्णा गौर शुक्रवार, 15 मई 2026 को सुबह 11 बजे भोपाल स्थित समन्वय भवन में ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026’ (MP Prashikshan Yojana 2026) का शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम अपेक्स बैंक परिसर में आयोजित होगा, जिसमें डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया और भगवानदास सबनानी भी मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर भोपाल, रायसेन और नर्मदापुरम जिलों से चयनित छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के मार्गदर्शन में पिछड़ा वर्ग के युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई है। योजना को प्रदेश के 20 चयनित जिलों में लागू किया जा रहा है।
योजना का मुख्य उद्देश्य ओबीसी वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को भारतीय सेना, पुलिस, होमगार्ड और अन्य अर्धसैनिक बलों की भर्ती परीक्षाओं के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार करना है। इसके तहत प्रदेशभर से चयनित 4000 युवाओं को जिला स्तर पर 45 दिनों का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण (MP Prashikshan Yojana 2026) दिया जाएगा।
प्रत्येक जिले में 100-100 युवाओं के बैच बनाए जाएंगे, जिनमें पुरुष और महिला प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र संचालित होंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिदिन 4 घंटे का सैद्धांतिक और 3 घंटे का शारीरिक प्रशिक्षण शामिल रहेगा।
राज्यमंत्री ने बताया कि प्रतिभागियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान निःशुल्क आवास, भोजन, स्टाइपेंड और अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के साथ उनमें अनुशासन और देश सेवा की भावना विकसित करने में भी मदद करेगी।
