छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों में जल आवर्धन योजनाओं के माध्यम से कई कार्य किए जाएंगे। आने वाली गर्मी में लोगों को नल से जल मिलेगा। इसकी सुविधा और विस्तार के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर वित्त विभाग ने 132 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। यह राशि अलग—अलग नगरीय निकायों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जल आवर्धन योजनाओं का विकास होगा।
निकायों में जलापूर्ति की जाएगी
मुख्यमंत्री की पहल पर जल आवर्धन योजनाओं से नगरीय निकायों में पानी की आपूर्ति की जाना है। इस प्रणाली को मजबूत करने के लिए राशि मंजूर की गई है। इससे नागरिकों को रोज शुद्ध पानी मिलेगा।
इन जिलों में होगा विकास कार्य
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल आवर्धन के लिए जो योजनाएं प्रस्तावित थी, उसके लिए राशि का आवंटन किया है। इसके तहत बलौदाबाजार जिले के भटगांव के लिए 14 करोड़ 66 लाख रुपए की राशि दी गई है। इसी तरह सारंगढ़ 47.46 करोड़, जांजगीर-चांपा के चांपा 17.86 करोड़, सारागांव तीन करोड़ 61 लाख रुपए, कांकेर जिले के चारामा 19.75 करोड़, कोरबा कटघोरा 24.63 करोड़, बीजापुर चार करोड़ 35 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है।
जल संकट होगा दूर, मिलेगी राहत
छत्तीसगढ़ के कई जिले ऐसे हैं, जहां गर्मी के समय में पानी की समस्या विकराल रूप ले लेती है। ऐसे नगरों का चयन कर जल आवर्धन योजनाओं से जलापूर्ति संरचना का विकास किया जाएगा। इसी के साथ ही हर घर नल से जल शुद्ध और गुणवत्तायुक्त पहुंचे, इसके लिए काम किया जाएगा।