
भैरूंदा:/लाड़कुई। वन विभाग लाड़कुई ने अवैध सागौन लकड़ी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिल और सागौन की लकड़ी जब्त की है। मामले में फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी तलाश जारी है।वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर वन मंडलाधिकारी सीहोर श्रीमती अर्चना पटेल के निर्देशन एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी लाड़कुई श्री प्रकाशचंद्र उईके के मार्गदर्शन में विशेष दल का गठन किया गया। दल में वनपाल श्री ओम कुमार गोयल, वनरक्षक श्री अरुण पैठारी, श्री सूरजपाल राजपूत, श्री यशवंत गोयल, श्री अमर सिंह रावत सहित वन सुरक्षा श्रमिक एवं अन्य वन अमला शामिल था।वन विभाग की टीम सिराड़ी-पिपलानी मार्ग स्थित सिराड़ी घाट क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान रात लगभग 11:30 बजे सूचना मिली कि जंगल में दो मोटरसाइकिलों पर सागौन की लकड़ी बांधकर खड़ी की गई है। सूचना मिलते ही वन अमले ने टॉर्च की सहायता से जंगल में सर्चिंग की। मौके पर दो बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें तथा उन पर बंधी सागौन की लकड़ी मिली। वन अमले को देखकर मौके पर मौजूद लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।जब्त वाहन एवं लकड़ी को शासकीय पिकअप वाहन से वनरक्षक नाका घुटवानी लाया गया, जहां मापन के दौरान 07 नग सागौन सिल्ली (0.182 घन मीटर) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹16,380 आंकी गई। वहीं जब्त की गई दो मोटरसाइकिलों की कीमत लगभग ₹34,000 बताई गई है।वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26(1)(क) तथा मध्य प्रदेश वनोपज (व्यापार विनिमय) अधिनियम, 1969 की धारा 5(1), 15 एवं 16 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। विभाग के अनुसार फरार आरोपी स्थानीय गांव के निवासी हैं, जिनकी पहचान वन अमले द्वारा कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
