Chief Minister announcement: भोपाल/बड़वानी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़वानी जिले के गायत्री धाम, कलाल्दा में आयोजित शरद उत्सव कार्यक्रम में विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। ‘विकसित भारत का आधार’ विषय पर आयोजित इस संवाद में विद्यार्थियों ने शिक्षा, खेल, संगीत, तकनीकी शिक्षा और अपने भविष्य के लक्ष्यों से जुड़ी बातें साझा कीं। मुख्यमंत्री ने संवाद में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से ₹10-10 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के माध्यम से न केवल अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
नीट परीक्षा में सफल रोहित बामनिया की उपलब्धि की सराहना
संवाद के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामली, सेंधवा के पूर्व छात्र रोहित बामनिया ने बताया कि उन्होंने नीट-2026 परीक्षा में सफलता हासिल कर शासकीय मेडिकल कॉलेज, नीमच में प्रवेश प्राप्त किया है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके साथ पढ़ने वाले अन्य विद्यार्थियों का चयन भी शासकीय मेडिकल कॉलेजों में हुआ है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोहित को बधाई देते हुए उन्हें चिकित्सक बनने के बाद समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया। रोहित ने बताया कि उनकी मेडिकल शिक्षा की फीस मध्य प्रदेश शासन द्वारा वहन की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वंचित और पिछड़े वर्गों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने रोहित से अपने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा के लिए मार्गदर्शन देने की अपील की।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली आराधना तरोले का सम्मान
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामली, सेंधवा की कक्षा 10वीं की छात्रा आराधना तरोले ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष आयोजित कला उत्सव में शास्त्रीय संगीत के एकल गायन में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
मुख्यमंत्री ने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनसे गीत प्रस्तुत करने का आग्रह किया। आराधना के गायन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें नियमित अभ्यास जारी रखने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
हाई जंप में राष्ट्रीय विजेता साक्षी भागले को बधाई
कन्या खेल परिसर, निवाली की कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी भागले ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता में हाई जंप स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने साक्षी को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी हैं। उन्होंने छात्रा को भविष्य में ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि एशियाई खेलों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण पदकों सहित कुल 11 पदक हासिल किए हैं।
स्मार्ट क्लास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर चर्चा
कन्या शिक्षा परिसर की छात्रा किरण गिरासे ने बताया कि संस्थान में आईसीटी लैब, कंप्यूटर लैब और स्मार्ट क्लास के माध्यम से आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा भी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने इन सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
समय प्रबंधन और स्वाध्याय का महत्व बताया
कक्षा सातवीं के छात्र कृष्णा सीताराम चौहान ने मुख्यमंत्री से उनकी व्यस्त दिनचर्या में समय प्रबंधन के बारे में सवाल पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए समय का सही नियोजन जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोने से पहले अगले दिन की दिनचर्या तय करने की सलाह दी। साथ ही नियमित अध्ययन के अलावा योग, प्राणायाम, शारीरिक गतिविधियों और स्वाध्याय को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया।
विद्यार्थियों को अलग-अलग करियर विकल्पों के लिए किया प्रेरित
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों और करियर की योजनाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने चिकित्सा, इंजीनियरिंग, शिक्षण, राजनीति और आधुनिक कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसान बनने को भी एक महत्वपूर्ण करियर विकल्प बताया तथा कृषि में आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जीवन का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रसेवा और दृढ़ संकल्प का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत सफलता के साथ अपनी शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग समाज तथा राष्ट्र के विकास के लिए करना भी आवश्यक है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की रौनक
शरद उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध निमाड़ी गायक तुलसीराम पटेल, चिरंजीवी वेदिका और गुरुकुल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में सहभागिता की। वेदिका ने श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय से संबंधित प्रस्तुति दी, जबकि गुरुकुल के विद्यार्थियों ने गौमाता वंदना और शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल, कला, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियां भी सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य, बड़वानी जिले के प्रभारी मंत्री एवं कौशल विकास और रोजगार राज्य मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक श्याम बर्डे, सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
